दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
थाना क्षेत्र के लीलासी-नौडीहा मार्ग पर होली की शाम करीब पांच बजे दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में अहिरबुढ़वा मनरुटोला निवासी विनय धरिकार (25) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विनय धरिकार मूर्ता स्थित अपने ससुराल से साले उमाशंकर (23), पुत्र शनिश्चर को बाइक पर बैठाकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही नौडीहा निवासी देवराज की बाइक से उनकी बाइक की जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसे में विनय को गंभीर चोटें आईं, जबकि उमाशंकर और देवराज भी बुरी तरह जख्मी हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंचने पर सभी घायलों को सीएचसी म्योरपुर ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने विनय को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमाशंकर और देवराज को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
उधर, सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने बताया कि विनय होली के दिन ससुराल मूर्ता गया था और शाम को साले उमाशंकर को लेकर बाइक पर ही घर अहिरबुढ़वा लौट रहा था, तभी यह दुर्घटना हो गई। मृतक की शादी पिछले वर्ष ही हुई थी। घटना से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।