दुद्धी सोनभद्र (विवेक सिंह)।
कोतवाली क्षेत्र के धनौरा गांव के जंगल में मिली अज्ञात महिला के शव की शिनाख्त पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कर ली है। मृतका की पहचान लगभग 35 वर्षीय सुग्गी देवी पत्नी संजय कुमार निवासी दसैया, थाना धुरकी जिला गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों के हवाले कर दिया।
उल्लेखनीय है कि बीते 2 मार्च, सोमवार की सुबह जंगल में पशु चराने गए चरवाहे ने महिला का शव देखा और तत्काल ग्राम प्रधान सुभाष राम को सूचना दी। प्रधान द्वारा दी गई जानकारी पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। सीओ राजेश कुमार राय के मुताबिक फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य एकत्र किए, जिनमें डीजल की एक पर्ची भी बरामद हुई थी।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की शिनाख्त होने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि सुनसान जंगल में महिला का शव कैसे पहुंचा।
मृतका के परिजनों के अनुसार सुग्गी देवी को उसका पति संजय कुमार मिर्जापुर से भगाकर अपने साथ लेकर आया था। इसके बावजूद उसने उसे कभी अपने घर पर स्थायी रूप से नहीं रखा। बताया गया कि संजय अलग-अलग स्थानों पर उसे रखता था और कई-कई दिनों तक लापता रहता था। वर्तमान में संजय कुमार का कोई पता नहीं चल पा रहा है। पुलिस उसके फरार होने की आशंका जता रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
कोतवाली पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।