जिला ब्यूरो चीफ जावेद अली टीकमगढ़
पलेरा ।। पलेरा ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण क्षेत्र कंजना में स्थित पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय वर्तमान में दो प्रमुख विवादों के घेरे में है, जिसमें वरिष्ठता की अनदेखी और ज्वॉइनिंग में देरी के गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पहला विवाद स्कूल प्रबंधन एवं विकास समिति (SMDC) के सचिव पद पर नियुक्ति को लेकर उपजा है, जहाँ आरोप है कि नियमों और वरिष्ठता को ताक पर रखकर एक कनिष्ठ शिक्षक को सचिव की जिम्मेदारी सौंप दी गई है, जबकि संस्था के अन्य वरिष्ठ शिक्षकों को इस प्रक्रिया से पूरी तरह अनभिज्ञ रखा गया। इस विसंगति को लेकर शिक्षा विभाग के उच्चाधिकारियों को लिखित शिकायत भेजी गई है, जिस पर संकुल प्राचार्य का कहना है कि वस्तुस्थिति से जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) कार्यालय को अवगत करा दिया गया है। वहीं दूसरा मामला हिंदी वर्ग-1 के शिक्षक मोहम्मद अजीज की ज्वॉइनिंग से जुड़ा है, जिनका चयन इस विद्यालय के लिए होने के बावजूद उन्हें अब तक कार्यभार ग्रहण नहीं कराया गया है। पीड़ित शिक्षक ने इस संबंध में संकुल प्राचार्य से लेकर कलेक्टर तक गुहार लगाई है, जबकि विद्यालय प्रशासन का तर्क है कि पोर्टल बंद होने के कारण तकनीकी बाधा आ रही है। हालांकि, स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि जब पोर्टल खुला था तब प्रक्रिया पूरी क्यों नहीं की गई और यदि इस विलंब के कारण किसी का नाम सूची से हटता है, तो इसकी जवाबदेही किसकी तय होगी।