अकरम खान पटेल की रिपोर्ट।
चिचोली। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत चिचोली नगरीय क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया। मंगलवार को नगर परिषद कार्यालय से 12 तीर्थ यात्रियों के जत्थे को रामेश्वरम धाम की यात्रा के लिए ससम्मान रवाना किया गया।
वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
तीर्थयात्रियों की रवानगी के अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा मालवीय, उपाध्यक्ष श्रीमती वर्षा संजय आवलेकर, मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) आरिफ हुसैन और वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह कुशवाह मुख्य रूप से उपस्थित रहे। अतिथियों ने सभी तीर्थयात्रियों को तिलक लगाकर स्वागत किया और उनकी सुखद व मंगलमय यात्रा की कामना की।
श्रद्धालुओं में खुशी की लहर
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह कुशवाह ने कहा कि बुजुर्गों को तीर्थ दर्शन कराना पुण्य का कार्य है, जिससे क्षेत्र में धर्म और संस्कृति के प्रति जुड़ाव बढ़ता है। नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती वर्षा मालवीय ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परिषद सदैव नागरिकों की सुविधाओं और धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है।