बरेली। जनपद में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्पष्ट किया है कि जिले में इनकी किसी प्रकार की कमी नहीं है। पर्याप्त मात्रा में स्टॉक उपलब्ध है और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य चल रही है। उन्होंने आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
बुधवार को कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारियों तथा आपूर्ति विभाग के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान तीनों ऑयल कंपनियों के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि जिले में एलपीजी गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और कहीं भी आपूर्ति बाधित नहीं है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा गैस सिलेंडर की रिफिल अवधि 21 दिन से बढ़ाकर 25 दिन कर दी गई है। साथ ही कालाबाजारी पर अंकुश लगाने के लिए ओटीपी आधारित वितरण व्यवस्था लागू की गई है।
जिलाधिकारी ने गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी और जमाखोरी रोकने के लिए गैस एजेंसियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी एजेंसियों के दैनिक स्टॉक की नियमित मॉनीटरिंग की जाए और संबंधित अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण कर समय-समय पर जांच भी करें।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा 10 मार्च 2026 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी अधिकारियों को गैस एजेंसियों की निगरानी बढ़ाने, जमाखोरी रोकने और वितरण व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। उसी के अनुपालन में जिले में भी निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि एलपीजी गैस, पेट्रोल और डीजल को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है, इसलिए किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। जिले में आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (नगर) सौरभ दुबे, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी तृप्ति, जिला पूर्ति अधिकारी मनीष कुमार सिंह सहित इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम के अधिकारी मौजूद रहे।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली