बारीपदा, 19/09: प्रेम संबंध को लेकर मयूरभंज जिले के सारसकणा ब्लॉक अंतर्गत योक पंचायत क्षेत्र में कथित तौर पर कंगारू कोर्ट लगाकर एक युवक और दो बच्चों की मां एक विवाहित महिला को पेड़ से बांधकर प्रताड़ित किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में चर्चा तेज हो गई है जानकारी के अनुसार, रतिला गांव के एक युवक और योक गांव की एक विवाहित महिला की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बाद में दोनों के बीच संबंध स्थापित होने का आरोप है। बताया जा रहा है कि दोनों जब मुलाकात कर रहे थे, उसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने उन्हें रोक लिया।आरोप के अनुसार, दोनों को रस्सी से पेड़ में बांधकर रखा गया। इसके बाद गांव के कुछ मुखियाओं और पारंपरिक माझियों को बुलाकर बैठक की गई। बैठक के दौरान दोनों से पूछताछ की गई। वायरल वीडियो में दोनों के साथ मारपीट और कथित तौर पर अन्य तरीके से प्रताड़ित किए जाने के दृश्य दिखाई देने का दावा किया जा रहा है।जानकारी के मुताबिक, दोनों को करीब दो दिनों तक कथित रूप से बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने मोबाइल फोन से पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड किया। बाद में वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद मामला सामने आया।वीडियो वायरल होने के करीब दो दिन बाद ग्रामीणों ने दोनों को झारपोखरिया पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों को अपनी हिरासत में लेकर घटना के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही कथित तौर पर कंगारू कोर्ट लगाकर कानून अपने हाथ में लेने वाले लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।हालांकि, घटना की वास्तविक वजह क्या थी, इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे और किन परिस्थितियों में दोनों को रोका गया था, इसका स्पष्ट पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
मयूरभंज से हिमांशु शेखर प्रहराज।