दुद्धी सोनभद्र(विवेक सिंह)।
कस्बा स्थित उत्सव वाटिका में रविवार को युवा अग्रहरि समाज के तत्वावधान में होली मिलन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। समाजबंधुओं ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की बधाई दी तथा आपसी भाईचारा, सौहार्द और सामाजिक एकता का संदेश प्रसारित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि संतोष अग्रहरि (उपाध्यक्ष, अग्रहरि समाज चितरंगी, मध्य प्रदेश) एवं विशिष्ट अतिथियों सत्यनारायण सिंह, सोनाबच्चा अग्रहरि, कृष्णा अग्रहरि, दिनेश अग्रहरि, नंदलाल अग्रहरि, सुरेंद्र अग्रहरि आदि ने महाराजा अग्रसेन के चित्र पर दीप प्रज्वलन व माल्यार्पण कर किया। कार्यकारिणी ने अतिथियों का अंगवस्त्र व माला से स्वागत किया।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि शिक्षा ही समाज को मजबूत आधार प्रदान करती है, जो युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समुदाय के उत्थान का मार्ग प्रशस्त करती है। इसके बाद बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम, समाज उत्थान पर उद्बोधन तथा अन्य समाजोपयोगी गतिविधियां आयोजित हुईं।
वक्ताओं ने एकता, सामाजिक सहयोग, शिक्षा प्रसार और समाज उत्थान पर बल देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन न केवल प्रेम व सद्भाव बढ़ाते हैं, बल्कि समाज को नई ऊंचाइयों तक ले जाते हैं।कार्यक्रम में कन्हैया लाल अग्रहरि,पूर्व चेयरमैन राजकुमार अग्रहरि, अजीत सिंह, मुन्नीलाल अग्रहरि ,पंकज अग्रहरि सहित बड़ी संख्या में स्वजाति बंधु उपस्थित रहे।
युवा अग्रहरि समाज के अध्यक्ष आलोक ने अंत में सभी का आभार जताया तथा शिक्षा व समाज सेवा का संकल्प दोहराया ।