फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। हरिद्वार से कांवड़ लेकर लौट रहे कस्बे के एक कांवरिया की रास्ते में हार्ट अटैक से मौत हो गई। सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
कस्बे के मोहल्ला माली निवासी मूलचंद (टेलर मास्टर) 5 मार्च को कांवड़ यात्रा के लिए हरिद्वार गए थे। छह मार्च को गंगाजल भरकर उन्होंने गोला के लिए पैदल यात्रा शुरू की थी। रविवार को उन्हें गोला पहुंचकर जल चढ़ाना था, लेकिन उससे पहले ही रास्ते में उनकी तबीयत बिगड़ गई। बताया जाता है कि गोला से करीब 40 किलोमीटर पहले अचानक सीने में दर्द उठा और हार्ट अटैक आने से उनकी मौत हो गई।
बताया गया कि उनका बेटा लीलाधर भी अलग कांवड़ बेड़े के साथ जल लेने गया था। दोनों बेड़ों के बीच करीब 30 किलोमीटर की दूरी थी। घटना की सूचना मिलने पर वह भी बिना जल चढ़ाए वापस लौट आया।
साथ में गए कांवरियों ने फोन से घटना की सूचना परिजनों को दी। इसके बाद उनके साथियों ने पार्थिव शरीर घर पहुंचाया। अंतिम संस्कार के बाद रविवार को साथ गए कांवरियों ने उनकी ओर से भगवान शिव को जल चढ़ाया।
मूलचंद अपने पीछे पत्नी शांति देवी, चार बेटे और एक बेटी को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली