फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। नेशनल हाईवे पर धनेटा के आगे भाखड़ा नदी पुल पर रविवार सुबह तेज रफ्तार कैंटर ने श्रद्धालुओं की कार में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि कार में सवार सभी लोग बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार फतेहगंज पश्चिमी निवासी कुछ श्रद्धालु रविवार सुबह अपने परिवार के साथ आंवला तहसील क्षेत्र स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मनोना धाम खाटू श्याम बाबा के दर्शन करने कार से जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार धनेटा से आगे भाखड़ा नदी पुल से गुजर रही थी, तभी पीछे से तेज गति से आ रहे एक कैंटर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि कार का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंच गए और कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को सुचारु कराया। हादसे के चलते कुछ देर तक भाखड़ा पुल पर जाम की स्थिति बन गई थी और दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई थी, जिसे बाद में सामान्य करा दिया गया।
पुलिस के मुताबिक कैंटर चालक की पहचान दिलबाग पुत्र गुरमीत सिंह निवासी कस्बा अमरिया, जिला पीलीभीत के रूप में हुई है। पुलिस मामले की जांच कर दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता