दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के तत्वाधान में मंगलवार को दुद्धी नगर में भव्य होली मिलन समारोह एवं आवश्यक मंत्रणा बैठक का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम यादव महासभा के जिलाध्यक्ष जगत नारायण यादव के निर्देश पर तथा युवा प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अजय यादव के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में संरक्षक के रूप में रामेश्वर राय जी एवं सूर्यमणी यादव की विशेष उपस्थिति रही। वहीं विधानसभा अध्यक्ष नरेश यादव जी, अभिनाथ यादव, वीरेंद्र यादव, लकी यादव, कार्तिक यादव, राजकुमार यादव, विजय यादव सहित बड़ी संख्या में यादव समाज के गणमान्य लोग एवं युवा वर्ग मौजूद रहे। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत होली मिलन के साथ हुई, जहां लोगों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर भाईचारे और एकता का संदेश दिया। इसके पश्चात आयोजित मंत्रणा बैठक में समाज से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर गंभीरता से चर्चा की गई।
बैठक में नशा मुक्ति को प्रमुख विषय के रूप में उठाया गया। वक्ताओं ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज, विशेषकर युवाओं को बुरी तरह प्रभावित कर रही है। इसे रोकने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने, युवाओं को सही दिशा में मार्गदर्शन देने तथा परिवार स्तर पर भी सतर्कता बरतने पर जोर दिया गया।
इसके साथ ही दहेज प्रथा पर भी गहन मंथन किया गया। वक्ताओं ने इसे समाज के लिए घातक कुरीति बताते हुए कहा कि दहेज प्रथा गरीब परिवारों पर भारी बोझ बनती जा रही है। इसे समाप्त करने के लिए समाज को एकजुट होकर दहेज रहित विवाह को बढ़ावा देने एवं जागरूकता फैलाने का संकल्प लेना होगा।
बैठक में शिक्षा के महत्व पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण आधार है। बच्चों एवं युवाओं को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित करने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी हेतु मार्गदर्शन देने और समाज में शैक्षिक माहौल को मजबूत बनाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
इसके अतिरिक्त मेधावी छात्रों को सम्मानित एवं पुरस्कृत करने पर भी सहमति बनी। निर्णय लिया गया कि समाज के होनहार छात्रों को चिन्हित कर उन्हें सम्मानित किया जाएगा, जिससे अन्य बच्चों को भी प्रेरणा मिल सके और शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो।
कार्यक्रम के दौरान समाज में एकता, संगठन और आपसी सहयोग को मजबूत करने पर भी विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि संगठित समाज ही हर चुनौती का सामना कर सकता है।
अंत में आयोजकों द्वारा सभी आगंतुकों, पदाधिकारियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों को और अधिक प्रभावी ढंग से आयोजित करने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द, प्रेम एवं सामाजिक एकता के संदेश के साथ हुआ।