सहारनपुर ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल बाबा लालदास बाड़े स्थित पावधोई नदी में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में लाखों मछलियां मृत पाई गईं, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही विभिन्न धार्मिक संगठनों के लोग मौके पर पहुंचे और विरोध जताया। बाबा लाल दास की तपोभूमि माने जाने वाले इस पवित्र स्थल पर हुई इस घटना से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हुई हैं। बाबा लालदास बुद्ध घाट के महंत रामलाल तुली ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इससे पूर्व भी नवरात्रि के दौरान असामाजिक तत्वों द्वारा जहरीला पदार्थ डालकर मछलियों को मारने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। स्थानीय निवासी नीटू सैनी ने बताया कि इस स्थल पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मछलियों को दाना डालने आते हैं और लोगों की इस स्थान से गहरी आस्था जुड़ी हुई है। ऐसी घटना से जनभावनाएं आहत हुई हैं और लोगों में रोष व्याप्त है।वहीं, क्षेत्रवासियों ने सिंचाई विभाग और प्रदूषण नियंत्रण विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं।उनका आरोप है कि आसपास की फैक्ट्रियों से निकलने वाला केमिकलयुक्त पानी नदी में छोड़ा जा रहा है, जिससे हर वर्ष बड़ी संख्या में मछलियों की मौत हो रही है। लोगों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि चाहे इंसान हो या जीव-जंतु, हर जीवन अनमोल है और इस प्रकार की घटनाएं मानवता को शर्मसार करती हैं।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़