गोरखपुर (उत्तर प्रदेश )
मातृ आंचल सेवा संस्थान गोरखनाथ, गोरखपुर के द्वारा उत्तर प्रदेश पुलिस विभाग, गोरखपुर नगर निगम एवं बेसिक शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में व्हाइट हाउस पुलिस लाइन, गोरखपुर में शहीद भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु के 92वें शहीद दिवस पर थैलेसीमिया, कैंसर एवं अति आपातकालीन मरीजों हेतु रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जांच प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया।इस शिविर में कुल 35 लोगों ने रक्तदान किया।
यूरोलॉजिस्ट डॉ. विवेक कुमार सिंह सावित्री हॉस्पिटल, डॉ. गौरंग श्रीवास्तव, डॉ. रुचि श्रीवास्तव (डेंटल विशेषज्ञ गोरक्ष हॉस्पिटल), डॉ. वाई सिंह नेत्र रोग एवं रीजेंसी हॉस्पिटल से गायनो व मेडिसिन विशेषज्ञ डॉक्टरों ने स्वास्थ्य जांच की और मरीजों में चिकित्सा के साथ साथ निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया। स्वास्थ्य जांच के लिए भारी भीड़ उमड़ी।
कार्यक्रम में गोरखपुर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. पूनम टंडन, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष डॉ. चारू चौधरी, पूर्व मेयर डॉ. सत्या पाण्डेय , माता शारदा सेवा संस्थान फाजिलनगर से डॉ. एस.के. यादव, पुलिस विभाग से आरआई, राजन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन एवं पूर्व मेयर सत्या पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर शहीदों को पुष्प अर्पित कर किया।कुलपति प्रो. पूनम टंडन ने उद्बोधन में कहा, “रक्तदान पुनीत कार्य है। शहीदों ने देश के लिए प्राण न्यौछावर किए, हमें उनके नाम पर एक यूनिट रक्त अवश्य दान करना चाहिए।उन्होंने आज के कार्यक्रम की भूरि भूरि सराहना की साथ ही साथ संस्थान को विश्वविद्यालय में सेवा कार्य शुरू करने का निमंत्रण दिया।
डॉ. सत्या पांडे ने शिविर की सराहना करते हुए कहा कि आज वो इस तरह के कार्यक्रम में आकर गौरवान्वित महसूस कर रही हैं।उन्होंने लोगों से रक्तदान में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने हेतु अपील की।महिला आयोग की उपाध्यक्ष डॉ. चारू चौधरी ने रक्तदानियों के साथ साथ महिलाओं को भी रक्तदान हेतु प्रोत्साहित किया।
पुलिस विभाग के साथ साथ,कई मातृ शक्तियों ने भी रक्तदान कर महिला शक्ति का उदाहरण प्रस्तुत किया।
समस्त रक्तदाताओं को अतिथियों द्वारा ‘रक्त योद्धा गौरव सम्मान’ से नवाजा गया।
संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. पुष्प लता सिंह ने कहा कि 70-78 लोगों ने पंजीकरण कराया था, लेकिन कुछ कारणों से सभी लोग नहीं आ सके। उन्होंने अपील की कि अगली बार वो लोग आकर रक्तदान अवश्य करें। आपको बताते चलें कि मातृ आंचल सेवा संस्थान लावारिसों व जरूरतमंदों की सेवा में सदैव तत्पर रहता है जरूरतमंद की सेवा के साथ साथ लावारिस शवों की अंत्येष्टि भी करती है।
इस अवसर पर रसिका चतुर्वेदी, सरिता यादव, संध्या त्रिपाठी, कौशिक संस्थान से ओझा, मनीष श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, स्नेहा गुप्ता, गायत्री मिश्रा, डॉ. शैलेंद्र, प्रो. शैलेंद्र, प्रो. अविनाश राव, प्रो. सरीन, पारुल सिंह राव, अवधेश कुमार आदि सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। डॉ. विपिन शाही ने सहयोगियों का आभार जताया तथा भविष्य में ऐसे आयोजन जारी रखने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में गुरुकुल शिक्षण संस्थान ददरी के निदेशक डॉ. विपिन कुमार शाही एवं संस्थान की राष्ट्रीय अध्यक्ष पुष्प लता सिंह अम्मा ने अतिथियों का शाल एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर स्वागत किया।
रिपोर्ट- सतीश तिवारी गोरखपुर (उत्तर प्रदेश)