फतेहगंज पश्चिमी (बरेली)। क्षेत्र के उच्च प्राथमिक विद्यालय खिरका में सोमवार को आयोजित वार्षिकोत्सव समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के बीच संपन्न हुआ। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया और पूरा परिसर तालियों की गूंज से सराबोर रहा।
समारोह के दौरान बच्चों ने ‘छोटी सी आशा’ गीत पर प्रस्तुति देकर जहां भावनात्मक वातावरण बनाया, वहीं बाल विवाह रोकथाम पर आधारित कार्यक्रम ने सामाजिक संदेश देते हुए सभी को सोचने पर मजबूर कर दिया। इन प्रस्तुतियों को दर्शकों ने खूब सराहा और बच्चों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ग्राम प्रधान जितेंद्र गंगवार, विशिष्ट अतिथि शिक्षा समिति अध्यक्ष धर्मपाल सिंह एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य हरीश बाबू ने प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक गतिविधियों के महत्व पर भी प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सीमा अग्रवाल, प्रीति चौधरी, सीमा रस्तोगी, संजीत प्रकाश सक्सेना, ओंकार शरण, मुक्ता अग्रवाल, समर पाल गंगवार, ज्ञान प्रकाश, कुसुमलता एवं रामभरोसे ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम प्रधान जितेंद्र गंगवार ने ग्रामीणों से अपील करते हुए नए शैक्षिक सत्र में अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालय में नामांकन कराने का आग्रह किया, ताकि शिक्षा का प्रसार और सशक्त हो सके।
प्रवन पाण्डेय ITN National जिला संवाददाता बरेली