मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं PCC चीफ जीतू पटवारी आज एक दिवसीय दौरे पर छिंदवाड़ा पहुंचे। यहां उन्होंने उमरानाला बस हादसे में जान गंवाने वाले मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। बता दें कि विगत दिनों मुख्यमंत्री के कार्यक्रम से लौट रही यात्रियों से भरी बस ट्रक से टकराकर पलट गई थी, जिसमें 10 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई लोग घायल हुए थे। पीड़ित परिवारों और घायलों से मुलाकात के बाद जीतू पटवारी कांग्रेस भवन पहुंचे, जहां प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए हादसे को प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 1 करोड़ और घायलों को 5 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग की। पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और न्याय दिलाने के लिए हर स्तर पर आवाज उठाएगी l
छिंदवाड़ा से मोहम्मद अल्ताफ की रिपोर्ट