राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत कटनी पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में ढीमरखेड़ा थाना पुलिस ने 16 वर्षीय गुमशुदा बालिका को महज 24 घंटे के भीतर सकुशल दस्तयाब कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 31 मार्च 2026 को ग्राम देवरी बिछिया निवासी एक व्यक्ति ने थाना ढीमरखेड़ा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी 16 वर्षीय पुत्री बिना बताए घर से कहीं चली गई है। मामले में थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 190/26 धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर तत्काल तलाश शुरू की।
वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन तथा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। मोबाइल लोकेशन के आधार पर की गई पतासाजी के दौरान पुलिस ने बालिका को 24 घंटे के भीतर खोज निकाला।
पूछताछ में बालिका ने बताया कि वह माता-पिता की डांट से नाराज होकर घर से बिना बताए चली गई थी।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, सहायक उपनिरीक्षक संतोष विश्वकर्मा, प्रधान आरक्षक दीपक श्रीवास एवं आरक्षक पंकज सिंह की विशेष भूमिका रही।