राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी।। जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र में बैंक से लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। फिनो पेमेंट बैंक डिस्ट्रीब्यूटर आउटलेट से करीब 13 लाख रुपये की नकदी चोरी होने से इलाके में हड़कंप मच गया था।
मामले में फरियादी अमित जैसवानी ने बताया कि बैंकिंग कार्य के चलते उनके पास यह बड़ी राशि मौजूद थी, जिसे अज्ञात आरोपी मौका पाकर लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।
जांच में सामने आया कि आरोपी वारदात के बाद दोपहिया वाहन से जबलपुर की ओर भाग रहा है। इस सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए माधवनगर पुलिस ने स्लीमनाबाद और सिहोरा थाना पुलिस के साथ मिलकर घेराबंदी की।
संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मगन यादव उर्फ राजवीर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई रकम में से 12 लाख 51 हजार 995 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त दोपहिया वाहन तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।