राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न कर लगातार अड़ीबाजी करने वाले आरोपियों पर ढीमरखेड़ा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के निर्देशन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में की गई।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि 27 मार्च 2026 को ग्राम हरदुआ अतरिया निवासी 50 वर्षीय ग्राम सचिव सोने सिंह गोंड ने शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत भवन कटारिया में शासकीय कार्य के दौरान गांव के नानबाई और शेषनारायण गोंड पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए कार्य में बाधा उत्पन्न करने लगे।
पीड़ित की शिकायत पर थाना ढीमरखेड़ा में अपराध क्रमांक 184/26 के तहत धारा 296ए, 221, 351(3), 3(5) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे, जिन्हें पुलिस ने घेराबंदी कर 2 अप्रैल 2026 को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें न्यायालय में पेश कर जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों द्वारा पूर्व में भी पंचायत भवन कटारिया में ताला लगाकर अवैध कब्जा करने का प्रयास किया गया था, जिसे प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद हटाया गया था। इसके बावजूद आरोपी लगातार अड़ीबाजी करते हुए न्यायालय के आदेशों का पालन नहीं कर रहे थे, जिसके चलते उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे, सउनि जयपाल सिंह, आरक्षक पंकज, देवेंद्र अहिरवार, महिला आरक्षक शालिनी राजपूत एवं महिला कोटवार रिंकी दहिया की विशेष भूमिका रही।