सहारनपुर के मदीहा गार्डन बायपास, चिलकाना रोड स्थित सेंट मैरी स्कूल के पास रिहायशी इलाके में कथित तौर पर बड़े पैमाने पर खनन कार्य किए जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आबादी क्षेत्र होने के बावजूद यहां भारी वाहनों की लगातार आवाजाही हो रही है, जिससे कॉलोनी निवासियों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। निवासियों के मुताबिक, खनन कार्य खुलेआम जारी है और मौके पर हजारों टन सामग्री जमा है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण दुर्घटनाओं का खतरा भी बढ़ गया है।बताया जा रहा है कि पहले भी एक हादसा हो चुका है, जिसमें ड्राइवर नूर हसन द्वारा एक बच्चे को टक्कर मार दी गई थी। इस घटना के बाद कॉलोनीवासियों में आक्रोश फैल गया था और थाना देहात कोतवाली में शिकायत (तहरीर) भी दी गई थी।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि कुछ व्यक्तियों द्वारा लगातार खनन कार्य किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र की सुरक्षा और शांति प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई, तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। कॉलोनी निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जल्द से जल्द उचित कार्रवाई की जाए, ताकि संभावित दुर्घटनाओं को रोका जा सके और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़