बरेली। जनपद में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सक्रिय गिरोह को माफिया घोषित किया है। थाना इज्जतनगर पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर गिरोह के एक सरगना समेत कुल सात सदस्यों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से आर्थिक व भौतिक लाभ कमाने के उद्देश्य से मादक पदार्थों की तस्करी जैसे गंभीर अपराधों में लिप्त था। संगठित रूप से संचालित इस नेटवर्क पर नजर रखते हुए पुलिस ने सभी सदस्यों की पहचान सुनिश्चित की और उन्हें “माफिया गिरोह” के रूप में दर्ज कर लिया। गिरोह का पंजीकरण संख्या म-16/2026 निर्धारित किया गया है।
गिरोह का सरगना अकरम पुत्र बाबू निवासी नई बस्ती सराय कस्वा (थाना फतेहगंज पश्चिमी) है। इसके अलावा गिरोह में आरिफ पुत्र अकबर, हारून पुत्र हबीबुल्ला, जावेद पुत्र अनीस मियां, राशिद पुत्र असलम, अफजल मुल्ला पुत्र अमानत हुसैन और उस्मान कुरैशी पुत्र साबिर कुरैशी शामिल हैं। सभी आरोपी अलग-अलग क्षेत्रों में रहकर आपसी तालमेल से नशे के कारोबार को संचालित कर रहे थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरोह के सदस्यों के खिलाफ साक्ष्य जुटाकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही उनकी संपत्तियों की भी जांच की जाएगी और अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई संभव है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि जनपद में अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। ऐसे संगठित गिरोहों पर कड़ी नजर रखी जा रही है और किसी भी हाल में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली