दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2026 की इंटरमीडिएट प्रैक्टिकल परीक्षा में छूटे या वंचित छात्र-छात्राओं को अंतिम अवसर प्रदान किया है। परिषद कार्यालय सचिव की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इन परीक्षाओं का आयोजन 9 और 10 अप्रैल को किया जाएगा।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि परीक्षाएं सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परिषद के क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा नियुक्त परीक्षकों के माध्यम से संपादित होंगी। यदि किसी विद्यालय के सभी परीक्षार्थियों की प्रैक्टिकल परीक्षा छूट गई हो, तो वह उनके ही विद्यालय में होगी। वहीं, एकल छूटे छात्रों की परीक्षा जिला विद्यालय निरीक्षक या क्षेत्रीय कार्यालयों द्वारा जनपद मुख्यालय स्तर पर निर्धारित केंद्रों पर कराई जाएगी।
छात्र-छात्राएं अपने पंजीकृत विद्यालय या जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय से संपर्क कर निर्धारित केंद्र पर समय से परीक्षा दें। विज्ञप्ति में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि इसके बाद प्रैक्टिकल परीक्षा का कोई अवसर नहीं मिलेगा।