राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के ढीमरखेड़ा थाना क्षेत्र में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के खिलाफ पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए रेत से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया एवं एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में तथा थाना प्रभारी अभिषेक चौबे के नेतृत्व में की गई।
जानकारी के अनुसार 6 अप्रैल 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि महानदी के मोहदी घाट पर अवैध रूप से रेत का उत्खनन कर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां एक बिना नंबर का नीले रंग का ट्रैक्टर-ट्रॉली रेत से भरा हुआ पाया गया।
पुलिस ने मौके से चालक राम विशाल कोल (26 वर्ष), निवासी ग्राम महोदा को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान वह रेत परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। जांच में ट्रैक्टर का मालिक विनोद रजक, निवासी महोदा होना सामने आया है।
पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त करते हुए खनिज अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी अभिषेक चौबे ने बताया कि क्षेत्र में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक सुबच्चन यादव, आरक्षक पंकज, डूमन एवं गंधर्व की अहम भूमिका रही।