राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। रोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए कटनी जिला मध्यप्रदेश के 55 जिलों में प्रथम स्थान पर पहुंच गया है। यह उपलब्धि ‘युवा संगम’ कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेलों के उत्कृष्ट आयोजन के चलते मिली है।
राज्य शासन के रोजगार आयुक्त, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के आयुक्त श्री गिरीश शर्मा ने कटनी कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें प्रशंसा पत्र प्रेषित किया है। पत्र में उनके नेतृत्व में किए गए कार्यों को प्रशंसनीय बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग की अपेक्षा जताई गई है।
जिला रोजगार अधिकारी डी.के. पासी के अनुसार अप्रैल 2025 से मार्च 2026 तक जिले में कुल 10 रोजगार मेलों का आयोजन किया गया। इन मेलों के माध्यम से 2 हजार 894 युवाओं का प्रारंभिक चयन कर उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किए गए, जबकि 371 युवाओं का चयन अप्रेंटिसशिप के लिए हुआ।
इसके अतिरिक्त स्वरोजगार के लिए ऋण प्राप्त करने हेतु 10 हजार 706 युवाओं ने आवेदन किया, जो प्रदेश में सर्वाधिक है। अधिकारियों के अनुसार युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रशासन द्वारा किए गए प्रयासों का ही परिणाम है कि कटनी जिला इस क्षेत्र में प्रदेश में अव्वल रहा है।