हरिकेश मिश्रा इंडियन न्यूज़ टीवी रिपोर्टर
करनाईपुर (प्रयागराज)।
प्रयागराज के बहरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मिझुरा गांव में मंगलवार दोपहर एक ऐसी हृदयविदारक घटना घटी, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। गेहूं की मंड़ाई के दौरान ट्रैक्टर चालित थ्रेसर की चपेट में आने से 22 वर्षीय सुमित कुमार गौतम की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।
असावधानी पड़ी भारी:
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुमित दोपहर करीब 1 बजे खेत में गेहूं की मंड़ाई कर रहा था। वह थ्रेसर से निकल रहे गेहूं को बोरी में भर रहा था, तभी अचानक उसका हाथ मशीन के घूमते हिस्से की चपेट में आ गया। जब तक आसपास मौजूद लोग शोर मचाते या मशीन बंद करते, थ्रेसर ने उसे अपनी ओर खींच लिया। आनन-फानन में इंजन बंद कर उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक सुमित के शरीर के चिथड़े उड़ चुके थे और उसकी सांसें थम चुकी थीं।
गांव में पसरा सन्नाटा, परिजनों का बुरा हाल:
सुमित की मौत की खबर जैसे ही गांव में फैली, मंड़ाई का काम रुक गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। जवान बेटे की मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है; माता-पिता और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची बहरिया पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
चेतावनी: कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि थ्रेसर चलाते समय ढीले कपड़े न पहनें और मशीन के मुख्य फीडिंग स्लॉट या पंखे के पास जाते समय अत्यधिक सावधानी बरतें। एक छोटी सी चूक जीवन भर का दर्द दे सकती है।