ब्यूरो चीफ मनोज भट्ट जिला बस्तर छत्तीसगढ़
जगदलपुर|माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा 10 अप्रैल को आयोजित होने वाली कक्षा 12वीं की हिंदी विषय की परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने सुरक्षा के अभेद्य इंतजाम पूरे कर लिए हैं। इसी कड़ी में नोडल अधिकारी व डिप्टी कलेक्टर श्री मनीष वर्मा एवं जिला शिक्षा अधिकारी बीआर बघेल के मार्गदर्शन में जिले के सभी 91 परीक्षा केंद्रों के लिए प्रश्न पत्रों के वितरण की प्रक्रिया अत्यंत सतर्कता के साथ संपन्न हुई। जगदलपुर स्थित समन्वय केंद्र, जगतु महाराज शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में गहमागहमी के बीच माध्यमिक शिक्षा मंडल से पहुंचे पार्टी अफसरों ने सीलबंद प्रश्न पत्रों के पैकेट निर्धारित केंद्राध्यक्षों को सौंपे।
वितरण के पश्चात सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करते हुए केंद्राध्यक्षों और परिवहन अधिकारियों के संयुक्त समन्वय से इन सीलबंद पैकेटों को सुरक्षित पेटियों में भरकर जिले के 14 चिन्हित थानों में पहुंचाया गया। परीक्षा की शुचिता और गोपनीयता बनाए रखने के लिए इस बार विशेष सावधानी बरतते हुए इन पेटियों को ‘वन टाइम लॉक’ प्रणाली के साथ थानों में जमा किया गया है। पुलिस की कड़ी निगरानी में रखे गए इन प्रश्न पत्रों को अब सीधे परीक्षा के दिन ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत निकाला जाएगा। प्रशासन की इस मुस्तैदी और हाई-टेक सुरक्षा व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य नकल विहीन परीक्षा संपन्न कराना है, ताकि आगामी 10 अप्रैल को छात्र एक पारदर्शी वातावरण में अपनी परीक्षा दे सकें।