सहारनपुर । जनपद सहारनपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश, जीरो टॉलरेंस की नीति पर लगातार कार्रवाई जारी!
थाना चिलकाना पुलिस और बदमाशों के बीच देर रात हुई मुठभेड़ में एक हिस्ट्रीशीटर गौकश बदमाश को घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग ऑपरेशन चला रही है।
दरअसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर अभिनंदन सिंह के निर्देशन में पूरे जनपद में अपराध नियंत्रण को लेकर सघन गश्त और चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है । इसी क्रम में आज रात थाना चिलकाना पुलिस बुड्ढाखेड़ा से संगमौर जाने वाले रास्ते पर गश्त कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि परागपुर से घाटहेड़ा जाने वाले रास्ते पर एक बाग में कुछ लोग गोकशी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जहां आम के पेड़ के पास दो संदिग्ध व्यक्ति और एक गोवंश दिखाई दिया । पुलिस ने जैसे ही बदमाशों को ललकारा, खुद को पुलिस बताया, तो बदमाशों ने घबराकर पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की जिसमें एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर मौके पर ही दबोच लिया गया । गिरफ्तार बदमाश की पहचान उस्मान उर्फ मानी के रूप में हुई है । जो थाना कुतुबशेर का हिस्ट्रीशीटर है, और जिस पर पहले से ही गौकशी, चोरी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित करीब डेढ़ दर्जन गंभीर मुकदमे दर्ज हैं।
मौके से पुलिस ने 315 बोर का तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस, गोकशी के उपकरण, एक लाइटर और एक जिंदा गोवंश भी बरामद किया है । घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है । जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
रमेश सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़