संवाददाता बरेली। जनपद की तहसील मीरगंज क्षेत्र के कस्बा फतेहगंज पश्चिमी के मोहल्ला भिटौरा निवासी नेमपाल ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर क्षेत्र में सरकारी नहर और तालाब को अवैध रूप से पाटे जाने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत में उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर इस अवैध कार्यवाही को रुकवाने की मांग की है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, क्षेत्र में कुछ दबंग प्रवृत्ति के लोग, जिनमें एक रिटायर्ड दरोगा सहित अन्य व्यक्ति शामिल बताए गए हैं, मिलकर अवैध प्लॉटिंग कर रहे हैं। आरोप है कि ये लोग अपनी निजी भूमि के साथ-साथ सरकारी नहर को भी पाटकर उसमें मिला रहे हैं, वहीं पास स्थित तालाब (कुंडा) को भी मिट्टी डालकर समाप्त किया जा रहा है।
शिकायतकर्ता का कहना है कि नहर में बहने वाले पानी से क्षेत्र के किसान अपनी खेती करते हैं। यदि नहर को पाट दिया गया तो किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ेगा और सिंचाई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाएगी।
ग्रामीणों द्वारा विरोध किए जाने पर आरोपित लोग कथित तौर पर दबाव बनाते हुए यह कहते हैं कि उन्होंने प्रशासनिक तंत्र को अपने प्रभाव में ले रखा है, इसलिए उनका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। इतना ही नहीं, यह भी आरोप है कि अवैध खनन की मिट्टी लाकर रात के समय नहर व तालाब को पाटने का कार्य किया जा रहा है।
नेमपाल ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और तत्काल प्रभाव से नहर व तालाब के अवैध पटान को रुकवाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब प्रशासन की कार्रवाई पर क्षेत्रवासियों की नजर टिकी हुई है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली