राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले के स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छपरा स्थित रजा मार्बल के पास शुक्रवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां हाईवे किनारे खड़ी मिनी ट्रक में चालक का रक्तरंजित शव मिलने से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल जांच शुरू की गई।
मृतक की पहचान जबलपुर जिले के सिहोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत खितौला वार्ड क्रमांक 14 निवासी 42 वर्षीय राकेश दाहिया पिता घासी राम दाहिया के रूप में हुई है। वह पेशे से ट्रक चालक था और स्वराज माजदा वाहन क्रमांक MP 20 GA 6242 चला रहा था।
परिजनों के अनुसार, राकेश 10 अप्रैल को जबलपुर से कटनी के लिए रवाना हुआ था। कटनी के बिलहरी क्षेत्र से मटके लोड कर वह वापस जबलपुर लौट रहा था, लेकिन रास्ते में उसके साथ क्या हुआ, यह अब तक रहस्य बना हुआ है।
थाना प्रभारी सुदेश समन ने बताया कि देर रात करीब 2 बजे एनएचआई के माध्यम से सूचना मिली कि छपरा के आगे रजा मार्बल के पास एक संदिग्ध स्थिति में वाहन खड़ा है, जिसमें एक शव मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया गया।
एसडीओपी आकांक्षा चतुर्वेदी ने बताया कि घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर एक खून से सनी लोहे की रॉड बरामद की गई है। साथ ही मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। फिंगरप्रिंट टीम द्वारा वाहन की बारीकी से जांच की गई है।
फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच जारी है।