सोशल मीडिया पर अनजानों से दोस्ती और प्रेम प्रसंग को लेकर निवास SDOP की बड़ी अपील, नाबालिगों और अभिभावकों को दी सतर्क रहने की सलाह
Ravi Jhariya
State Reporter
MP. ITN NATIONAL
ख़बर मध्यप्रदेश मंडला से है वर्तमान डिजिटल दौर में सोशल मीडिया के बढ़ते उपयोग और इसके दुष्प्रभावों को देखते हुए मंडला जिले के निवास अनुभाग के अनुविभागीय अधिकारी पुलिस -: प्रीतम सिंह बागरे ने एक वीडियो संदेश जारी कर नाबालिग बच्चों, उनके अभिभावकों और समाज से विशेष अपील की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अनजान लोगों से दोस्ती, निजी जानकारी साझा करने और कम उम्र में प्रेम प्रसंग में पड़ने से होने वाले गंभीर परिणामों के प्रति आगाह किया है।
अपने 35 वर्षों के पुलिस सेवा के लंबे अनुभव को साझा करते हुए SDOP ने चिंता व्यक्त की कि आजकल के नाबालिग बच्चे नासमझी और मार्गदर्शन के अभाव में सोशल मीडिया पर अज्ञात लोगों के संपर्क में आ जाते हैं। इसके बाद वे प्रेम प्रसंग और विभिन्न अवांछित गतिविधियों में लिप्त हो जाते हैं। इसके दुष्परिणामस्वरूप या तो बच्चे खुद किसी बड़ी मुसीबत में फंस जाते हैं या फिर उनके परिवारों को भारी दुख व सामाजिक-कानूनी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
SDOP की मुख्य बातें और अपील:
* बच्चों के लिए: सोशल मीडिया पर किसी भी अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें और न ही अपनी कोई भी निजी जानकारी (फोटो, लोकेशन, मोबाइल नंबर आदि) साझा करें।
* अभिभावकों के लिए: चूंकि बच्चे नाबालिग और नासमझ हैं, इसलिए माता-पिता उन पर विशेष ध्यान दें। बच्चे मोबाइल पर क्या कर रहे हैं और किन लोगों के संपर्क में हैं, इसकी नियमित निगरानी रखें।
* समाज की जिम्मेदारी: समाज के प्रबुद्ध नागरिकों और वरिष्ठों को भी यह प्रयास करना चाहिए कि नाबालिग बच्चे डिजिटल दुनिया के इन खतरों से सुरक्षित रहें और सही राह से न भटकें।
पुलिस अधिकारी ने अपने संदेश के अंत में कहा कि थोड़ी सी सावधानी और जागरूकता बच्चों को किसी भी प्रकार की अनहोनी से बचा सकती है। उन्होंने “जय हिंद, जय भारत” के उद्घोष के साथ सभी से इस दिशा में सतर्क और जिम्मेदार बनने का आह्वान किया है।