ब्यूरो चीफ मनोज भट्ट जिला बस्तर छत्तीसगढ़
जगदलपुर। बस्तर पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 870 नग प्रतिबंधित अल्प्राजोलम नशीली टेबलेट और एक मोटरसाइकिल जब्त की गई है, जिसकी अनुमानित कीमत 4.35 लाख रुपये बताई जा रही है।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर ने किया, जिनकी सतर्कता और कुशल रणनीति के चलते पुलिस को यह अहम सफलता मिली। राठौर लगातार क्षेत्र में नशे के खिलाफ सख्त अभियान चला रहे हैं, जिससे नशे के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि सन सिटी अटल आवास रोड के पास दो युवक नशीली टेबलेट बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए राठौर के नेतृत्व में टीम ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों—आशीष जार्ज (23 वर्ष) और डीगेश्वर देवदास उर्फ शूटर (22 वर्ष)—को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने नशीली टेबलेट बेचने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(B) के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया और न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई में निरीक्षक लीलाधर राठौर के साथ उनकी टीम—उनि. अरुण मरकाम, सउनि. परिमल दास, प्र.आर. आनंद बघेल सहित अन्य स्टाफ—की महत्वपूर्ण भूमिका रही*