दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
हाथीनाला थाना क्षेत्र के हथवानी गांव के पास वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर शनिवार शाम करीब 5 बजे दूध लदे ट्रक और राख लदे हाइवा (डंपर) की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिसमें हाइवा चालक दीनानाथ यादव निवासी थाना विंढमगंज केवल गांव ,और ट्रक क्लीनर बबलू (21) निवासी थाना खलीलाबाद संत कबीर नगर के सरौनी गांव , जिंदा जल गया । ट्रक चालक सूरज को गंभीर हालत में बाहर निकालकर हिंडाल्को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के दौरान हाइवा चालक दरवाजे से बाहर लटक रहा था। स्थानीय लोग उसके हाथ पकड़कर खींचने की कोशिश कर रहे थे, जो दर्द से कराहते हुए लोगों से बचाने की गुहार लगाता रहा था, लेकिन आग की चपेट में आ गया।
घायल ट्रक चालक सूरज ने बताया कि वह गोरखपुर से रायपुर जा रहा था। ट्रक में अमूल के दूध के पैकेट लदे थे। अचानक ब्रेक पाइप फट गया। ट्रक को जंगल की ओर मोड़ने की कोशिश की, लेकिन सामने से हाइवा आ गया। टक्कर के बाद आग लग गई। क्लीनर बबलू आग में फंस गया।हादसे से दूध सड़क पर फैल गया, जिससे लंबा जाम लग गया।घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने यातायात डायवर्ट किया।
सूचना पर एसपी अभिषेक वर्मा, सीओ पिपरी हर्ष पांडे, सीओ ओबरा अमित कुमार सहित फोर्स पहुंची। अल्ट्राटेक सीमेंट, चोपन फायर स्टेशन व हिंडाल्को की दमकल गाड़ियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हाथीनाला थाने में मुकदमा दर्ज, जांच जारी है।