राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन 15 अप्रैल से प्रारंभ होगा। इसको लेकर कलेक्टर आशीष तिवारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि खरीदी केन्द्रों पर किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।
समय-सीमा बैठक के पूर्व आयोजित समीक्षा में कलेक्टर ने रबी विपणन वर्ष 2026-27 की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने एसडीएम सहित संबंधित अधिकारियों को खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही वारदाने, ऑपरेटर और सर्वेयर की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बैठक में बताया गया कि जिले के 52,991 किसानों ने समर्थन मूल्य पर गेहूं बेचने के लिए पंजीयन कराया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत सभी किसानों का गेहूं खरीदा जाएगा।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी केन्द्रों पर छन्ने, तिरपाल, पेयजल, पंखे और छाया जैसी मूलभूत सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहें, ताकि किसानों को धूप या मौसम खराब होने की स्थिति में परेशानी न हो। खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित और समयबद्ध रखने पर भी जोर दिया गया।
किसानों से अपील की गई है कि वे साफ-सुथरा एवं छना हुआ एफएक्यू गुणवत्ता का गेहूं ही केन्द्रों पर लेकर आएं। खरीदी निर्धारित मानकों के अनुसार ही की जाएगी।
शासन के निर्देशानुसार गेहूं खरीदी शासकीय कार्य दिवसों में प्रतिदिन सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक होगी। राज्य सरकार द्वारा 40 रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिए जाने के बाद किसानों को कुल 2625 रुपये प्रति क्विंटल का भुगतान मिलेगा, जो सीधे उनके बैंक खातों में जमा किया जाएगा।