फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। थाना क्षेत्र के गांव धनेटा में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। आरोप है कि गांव के एक व्यक्ति ने सरकारी जमीन पर कब्जा कर मकान बना लिया और कार्रवाई से बचने के लिए वहां डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित कर दी। अब एक बार फिर आंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम की तैयारी से विवाद गहराने की आशंका जताई जा रही है।
ग्रामीणों जगतपाल मौर्य, खेमकरन, प्रेमपाल, दिनेश, मोहनलाल और महेंद्र पाल सहित अन्य लोगों ने उपजिलाधिकारी मीरगंज को शिकायती पत्र देकर बताया कि गांव के कृष्णपाल ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण कराया। जब इसका विरोध हुआ तो बीते वर्ष रातोंरात आंबेडकर प्रतिमा स्थापित कर दी गई। इसके बाद कुछ स्थानीय नेताओं ने वहां माल्यार्पण भी किया, जिससे मामला और संवेदनशील हो गया।
विवाद बढ़ने पर तहसील प्रशासन ने हस्तक्षेप करते हुए भविष्य में वहां किसी भी प्रकार के आयोजन पर रोक लगा दी थी। इसके बावजूद इस वर्ष फिर से आंबेडकर जयंती पर कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त है।
बताया गया कि तहसीलदार आशीष कुमार ने 13 दिसंबर 2025 को कार्रवाई करते हुए आरोपी को बेदखल कर दिया था और उस पर 4 लाख 86 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। साथ ही वसूली के सख्त निर्देश दिए गए थे।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले में सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए संभावित विवाद और झगड़े की आशंका जताई है। वहीं प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली