वाराणसी से प्रवीण मिश्रा की रिपोर्ट।
इंडियन टीवी न्यूज नैशनल।
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के चन्दौली जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। थाना नौगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए भारी मात्रा में गांजा बरामद कर दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षकों के निर्देशन में थाना नौगढ़ के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार यादव के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कौवाघाट पुल के पास घेराबंदी की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जा रहे दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके पास से कुल 14.739 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 4 लाख रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान बिहार राज्य के पप्पू यादव (24 वर्ष) और शौकत सिंह (23 वर्ष) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे अपने गांव के पास पहाड़ी इलाकों से सस्ते दामों में गांजा खरीदकर मधुपुर और आसपास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से होने वाले मुनाफे को वे आपस में बराबर-बराबर बांट लेते थे।
इस मामले में थाना नौगढ़ पर मु0अ0सं0 37/26 के तहत धारा 8/20/60 NDPS एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस ने मौके से तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है। इस पूरी कार्रवाई में थाना नौगढ़ पुलिस टीम की सक्रियता और सतर्कता की अहम भूमिका रही। चन्दौली पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।