कटनी। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने उस वक्त गंभीर रूप ले लिया जब बीड़ी के पैसे को लेकर हुए झगड़े में एक युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पीड़ित को गंभीर हालत में जबलपुर रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित अशोक साहू महुआ बीनने के लिए जंगल जा रहे थे। जैसे ही वे गांव के तलैया के पास पहुंचे, तभी गांव के ही सुशील कोल वहां आ धमका और उनसे बीड़ी मांगने लगा। अशोक साहू द्वारा बीड़ी नहीं होने की बात कहकर मना करने पर आरोपी भड़क गया और गाली-गलौज शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि आरोपी अपने साथ लोहे का धारदार हथियार ‘बांका’ लिए हुए था। इसी दौरान उसने अशोक साहू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में साहू के सिर (माथे) और बाएं हाथ में गंभीर चोटें आईं, जिससे वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया, लेकिन जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गया।
घटना की सूचना मिलते ही पीड़ित के पुत्र काशीराम साहू मौके पर पहुंचे और तत्काल उन्हें शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने गंभीर अंदरूनी चोटों के चलते उन्हें जबलपुर रेफर कर दिया।
पीड़ित पक्ष द्वारा थाने में आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी को कुछ समय के लिए हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया, जिससे गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आरोपी खुलेआम घूम रहा है और पीड़ित परिवार को लगातार डर बना हुआ है। लोगों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि किसी अन्य अप्रिय घटना को रोका जा सके।
प्रशासन से उठी मांग:
ग्रामीणों और पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है, ताकि न्याय सुनिश्चित हो सके और क्षेत्र में शांति बहाल हो।