फतेहगंज पश्चिमी, बरेली। कस्बा फतेहगंज पश्चिमी एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास और पूरे सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित कर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कस्बे के मोहल्ला नौगवां स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर विधायक डीसी वर्मा एवं भाजपा नेताओं ने माल्यार्पण कर बाबा साहब के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। विधायक ने उपस्थित लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए समाज में शिक्षा और समानता के महत्व पर जोर दिया।
इस दौरान नौगवां से एक भव्य रैली निकाली गई, जो ब्लॉक, लोधीनगर चौराहा और स्टेशन मार्ग होते हुए पुनः अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। वहीं ग्राम कुरतरा के दुर्गा मंदिर से भी शोभायात्रा निकाली गई, जो विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गांव में संपन्न हुई।
इसके अलावा ठिरिया खेतल, पिपरिया, धनेटा और मीरापुर सहित अन्य गांवों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। गोष्ठियों में वक्ताओं ने बाबा साहब के विचारों को याद करते हुए शिक्षा, समानता और सामाजिक न्याय के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
रैली में अनार सिंह, जितेंद्र मास्टर, फूलचंद कातिब, आशीष कुमार, राहुल सागर, ओमकार सागर, डॉ. फूल सिंह, ओमपाल सागर, भूपराम सागर, पूर्व प्रधान शेर सिंह सागर, धर्म सिंह सागर, बाबूराम सागर, हीरालाल सागर, राम प्रकाश सागर, कदीर हुसैन, लाल सिंह सागर, रामवीर सागर, राजू उर्फ राजकुमार, सिद्धांत गौतम एडवोकेट, अजय सिंह, वीर सिंह गौतम सहित सैकड़ों लोग शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह एवं कस्बा चौकी प्रभारी अनूप सिंह पुलिस बल के साथ मुस्तैद रहे।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली