दुद्धी सोनभद्र। कोतवाली क्षेत्र के रामनगर रेलवे क्रासिंग पर बुधवार रात करीब 10 बजे एक भयावह सड़क हादसा हो गया। बघाडू से डुमरडीहा लौट रहे तेज रफ्तार बाइक सवार राजमिस्त्री उमाशंकर (45) पुत्र सीताराम निवासी डुमरडीहा की मौके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक क्रासिंग पार करते हुए करीब 100 मीटर दूर जा गिरा। हालांकि, टक्कर किस वाहन या वस्तु से हुई, इसकी फिलहाल कोई पुष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है।
गांव के ग्रामीणों व पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक शादी समारोह में शामिल होकर बाइक पर अकेले ही घर लौट रहे थे।स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना मिलते ही 112 पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।पुलिस की मदद से एंबुलेंस 102 के ईएमटी पंकज और चालक ने उन्हें सीएचसी दुद्धी पहुंचाया, जहां चिकित्सक डॉ. वरुणा निधि ने प्राथमिक जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी। खबर मिलते ही डुमरडीहा गांव के ग्रामीणों की भारी भीड़ सीएचसी परिसर में जुट गई। स्थानीय लोगों की माने तो बाइक की स्पीड काफी तेज थी और उनकी बाइक हाई स्पीड ब्रेकर पर उछल कर करीब 100 मीटर दूर जा गिरी ,जबकि मृतक का शव रेलवे पटरी पर पड़ा मिला ।समाचार लिखे जाने तक शव अस्पताल परिसर में ही पड़ा रहा। कोतवाली पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है तथा टक्कर के स्पष्ट कारणों का पता लगाने के प्रयास में जुट गई है।
बता दे कि इन दिनों दुद्धी क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला बढ़ गया है, जिसमें अधिकांश शराब के नशे से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं।वहीं कस्बे में घटना की मुख्य वजह सड़क की चौड़ाई कम का माना जाता रहा है ।बुधवार को ही तीन हादसे हुए। पहला कस्बे के एसबीआई बैंक के पास, जहां तीन लोग घायल हुए। दूसरा घटना डीआर पैलेस के समीप, जहां दो बाइकों की टक्कर में चार घायल हुए ,जिसमें एक को गंभीर हालत में रेफर किया गया। तीसरा यही रामनगर रेलवे क्रासिंग वाला, जिसमें उमाशंकर की मौत हो गई। स्थानीय लोग बढ़ते हादसों से सहमे हुए हैं।