कैमोर। कैमोर थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनटोला में खेतों में लगी भीषण आग ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया। जानकारी के अनुसार 15 अप्रैल को एक किसान द्वारा खेत में फलहारी जलाने के दौरान अचानक आग भड़क गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।
दोपहर लगभग 12 बजे लगी आग तेज हवा के कारण तेजी से फैलती चली गई और रात होते-होते लगभग 70 से 100 एकड़ तक खड़ी फसल जलकर राख हो गई। बताया जा रहा है कि करीब 35 किसानों की गेहूं की तैयार फसल इस आग की चपेट में आ गई, जिससे किसानों का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार आग गर्ग जी के खेत से फलहारी जलाने के दौरान निकली, जिसने आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। जब तक फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचती, तब तक आग काफी फैल चुकी थी और किसानों की महीनों की मेहनत कुछ ही घंटों में राख में बदल गई।
आग ने देखते की देखते मोहनटोला के साथ ही पास सटे गांव बड़गैया सलैया तक हवा के बहाव में पहुंच गई जिससे कई किसानों को भारी भरकम आर्थिक नुकसान हुआ है ।
घटना के बाद पीड़ित किसान गुस्से में कैमोर थाना पहुंचे और गर्ग जी के खिलाफ आगजनी की शिकायत दर्ज कराई। किसानों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजा देने और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू पा लिया जाता तो इतना बड़ा नुकसान नहीं होता। फिलहाल पूरे क्षेत्र में इस घटना से किसानों में भारी आक्रोश और मायूसी का माहौल है।
ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि सरकार इस मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करे साथ ही गरीब किसानों को उनकी फसल का मापजा उपलब्ध कराए ।
कैमोर से श्याम कुमार गुप्ता की रिपोर्ट।