राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी— जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं को इन दिनों गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस सिलेंडर की बुकिंग 20 से 25 दिन बाद ही स्वीकार की जाती है, जिससे समय पर गैस उपलब्ध नहीं हो पाती।
ऐसे में उपभोक्ताओं की मांग है कि गैस एजेंसियों द्वारा सीधे घर-घर सिलेंडर की डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, ताकि ब्लैक मार्केटिंग पर रोक लगाई जा सके और आम लोगों को अनावश्यक परेशानियों से राहत मिल सके।
उपभोक्ताओं ने यह भी आरोप लगाया है कि जब वे एजेंसी या गोदाम से स्वयं सिलेंडर लेने पहुंचते हैं और होम डिलीवरी चार्ज वापस मांगते हैं, तो एजेंसी संचालक अक्सर यह कहकर मना कर देते हैं कि सिलेंडर खत्म हो चुके हैं। इससे उपभोक्ताओं में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह व्यवस्था पारदर्शिता की कमी को दर्शाती है और इससे उपभोक्ताओं का आर्थिक शोषण भी हो रहा है।
उपभोक्ताओं ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि इस पूरे मामले में संज्ञान लेते हुए गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए और होम डिलीवरी व्यवस्था को सख्ती से लागू किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके।