कटनी जिले के कैमोर में ओवरलोडेड हाईवा वाहनों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला नगर परिषद क्षेत्र के शासकीय अस्पताल के समीप का है, जहां रात्रि करीब 10 बजे गिट्टी से भरा एक ओवरलोडेड हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर हाईमास्ट लाइट के पोल से जा टकराया।
मिली जानकारी के अनुसार हाईवा की जोरदार टक्कर से नगर परिषद द्वारा जनहित में लगाई गई हाईमास्ट लाइट का पोल सड़क से दूर जा गिरा। इस पोल में सुरक्षा की दृष्टि से कैमरे भी लगाए गए थे। घटना के समय पोल के पास कुछ लोग बैठे हुए थे, जो बाल-बाल बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हाईवा वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई के लिए कैमोर थाना ले जाया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में ओवरलोडेड हाईवा वाहनों की आवाजाही से लगातार खतरा बना हुआ है और प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।
इंडियन टीवी न्यूज़ कैमोर से श्याम गुप्ता की रिपोर्ट