फतेहगंज पश्चिमी। बृहस्पतिवार देर रात धनेटा रेलवे फाटक पर एक भीषण सड़क हादसे में बग्गी चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2 बजे शीशगढ़ रोड स्थित धनेटा रेलवे फाटक बंद होने के कारण एक ईको कार और घोड़ा बग्गी फाटक पर खड़ी थीं। तभी तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बग्गी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कार भी चपेट में आ गई।
इस हादसे में बग्गी चालक मोबिन शाह (निवासी ग्राम सोरहा) सहित कार सवार अंकित, विनोद, कमलेश और लवकुश (निवासी ग्राम चकरपुर, थाना भमोरा) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग ग्राम चनोटा से एक शादी समारोह से लौट रहे थे।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एंबुलेंस के माध्यम से बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
थाना प्रभारी प्रयागराज सिंह ने बताया कि हादसे के बाद ट्रक और चालक को कब्जे में ले लिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रेलवे फाटक के पास सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों से बचा जा सके।
प्रवन पाण्डेय इंडियन टीवी न्यूज़ जिला संवाददाता बरेली