राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
जिले में आर्थिक गड़बड़ियों और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों को लेकर जिला पंचायत की सीईओ सुश्री हरसिमरनप्रीत कौर ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को उन्होंने मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 89 के तहत तीन अलग-अलग प्रकरणों में सात ग्राम पंचायतों की वन-टू-वन सुनवाई की।
इस दौरान जनपद पंचायत कटनी की ग्राम पंचायत हीरापुर कोड़ियां, जनपद पंचायत बड़वारा की बनगवा तथा जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा की सनकुई, खमतरा, इमलिया, लालपुर और बरही ग्राम पंचायतों से जुड़े प्रकरणों पर विस्तार से चर्चा की गई।
सुनवाई में संबंधित ग्राम पंचायतों के तत्कालीन सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, उपयंत्री के साथ वर्तमान पदस्थ अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी पक्षों ने अपने-अपने दस्तावेज एवं प्रतिवाद प्रस्तुत किए।
सीईओ सुश्री कौर ने सभी पक्षों को धैर्यपूर्वक सुनते हुए प्रस्तुत दस्तावेजों का गहन और सूक्ष्म परीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।
सुनवाई के दौरान रीडर शाखा के प्रभारी अधिकारी पंकज नामदेव भी मौजूद रहे, जिन्होंने अभिलेखीय प्रक्रिया में सहयोग प्रदान किया।
प्रशासन का संदेश:
जिला पंचायत प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की वित्तीय अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।