पन्ना, म.प्र. – पन्ना जिले के कलेक्टर ने शुक्रवार को अमानगंज एवं पवई क्षेत्र का औचक भ्रमण किया। दौरे के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों में चल रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की।
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ‘किसान चौपाल’ में भाग लिया। चौपाल में उन्होंने किसानों के साथ सीधा संवाद किया और खेती-किसानी से जुड़ी उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। किसानों ने सिंचाई, खाद-बीज और फसल की लागत से जुड़े मुद्दे कलेक्टर के सामने रखे। कलेक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इसी दौरान नरवाई जलाने की घटनाओं पर कलेक्टर ने सख्त रुख अपनाया। नरवाई जलने की सूचना प्रशासन को समय पर न देने पर दो पटवारियों को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया है। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि पराली जलाने की घटनाओं की तत्काल सूचना देना पटवारियों की जिम्मेदारी है और इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इंडियन टीवी न्यूज़ चैनल
संवाददाता मानस अवस्थी रिपोर्ट पन्ना