रिपोर्ट अजय सिंह तोमर
मुरैना|प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने गुरुवार को बानमौर एवं 132 केवी विद्युत सब स्टेशनों का औचक निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बढ़ती गर्मी को ध्यान में रखते हुए बिजली की ट्रिपिंग की समस्या पर तत्काल नियंत्रण किया जाए और उपभोक्ताओं को निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने संधारित रजिस्टरों का अवलोकन करते हुए रखरखाव कार्यों की स्थिति जानी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि 30 अप्रैल तक सभी खराब ट्रांसफार्मरों को अनिवार्य रूप से मरम्मत के लिए भेजा जाए, ताकि विद्युत व्यवस्था में किसी प्रकार की बाधा न आए।
ऊर्जा मंत्री ने औद्योगिक क्षेत्रों में बिजली ट्रिपिंग को न्यूनतम रखने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक विद्युत कटौती की स्थिति में संबंधित जेई एवं एई की जवाबदेही तय की जाएगी। साथ ही अधीक्षण यंत्री (SE) को नियमित निरीक्षण कर निरीक्षण टिप्पणियां रजिस्टर में दर्ज करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने मेंटेनेंस रजिस्टर, टॉर्च, सुरक्षा दस्ताने, बूट एवं विद्युत सुधार कार्यों में उपयोग होने वाली सामग्री का भी निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं को सतत दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुराज कंसाना, राकेश मावई, जनरल मैनेजर विनोद कटारे, महाप्रबंधक सुरेश कुमार, उपमहाप्रबंधक भूपाल शरण सहित विद्युत विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।