राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय में मंगलवार को “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” के अवसर पर एक गरिमामय एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात द्वारा माँ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस दौरान महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के प्रारंभ में डॉ. श्रद्धा वर्मा ने भावपूर्ण शिव स्तुति प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके पश्चात “सोमनाथ संवाद व्याख्यानमाला” के अंतर्गत प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात ने सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह मंदिर भारत की आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।
नोडल अधिकारी श्रीमती बंदना मिश्रा, सहायक प्राध्यापक ने अपने उद्बोधन में “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व” की प्रासंगिकता पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने वर्ष 2026 में सोमनाथ मंदिर पर हुए ऐतिहासिक आक्रमण के 1000 वर्ष पूर्ण होने को राष्ट्रीय चेतना और एकता के लिए महत्वपूर्ण बताया तथा छात्राओं को अपनी सांस्कृतिक विरासत पर गर्व करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अगले चरण में एम.ए. प्रथम वर्ष की छात्रा प्रगति शुक्ला ने सोमनाथ मंदिर के इतिहास पर आधारित प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उन्होंने मंदिर के निर्माण, विध्वंस और पुनर्निर्माण की यात्रा को विस्तार से बताते हुए श्रोताओं को इतिहास से रूबरू कराया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रीना मिश्रा द्वारा कुशलतापूर्वक किया गया, जबकि अंत में सुश्री शिल्पी कुमारी सिंह ने आभार व्यक्त करते हुए सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापकगण, कर्मचारी एवं छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही, जिससे कार्यक्रम सफल एवं सार्थक ।।