थाना फतेहपुर पुलिस ने अंतरजनपदीय ट्यूबवेल तार चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और भारी मात्रा में तांबे का तार बरामद किया है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन के नेतृत्व, एसपी देहात मयंक पाठक के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी मुनीश चंद्र के पर्यवेक्षण में की गई। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर छुटमलपुर क्षेत्र में ईदगाह के पीछे छापेमारी कर अमजद पुत्र खुर्शीद, नौमान, आकाश उर्फ काशी और रहीश समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 25 मीटर सबमर्सिबल केबल, वेल्डिंग मशीन, ड्रिल मशीन, ग्राइंडर, टूल बॉक्स, लगभग 2.5 किलो तांबे का तार और अर्थिंग रॉड बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने खेतों में लगे ट्यूबवेल, सुनसान दुकानों और बिजली उपकेंद्रों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। चोरी का सामान कबाड़ियों को बेच दिया जाता था। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे के आदी हैं और पैसों की जरूरत पूरी करने के लिए इस तरह की घटनाओं को अंजाम देते थे। सभी आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को न्यायालय में पेश कर दिया है। गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, उप निरीक्षक मसकुर अली, उप निरीक्षक बबलू कुमार, उप निरीक्षक बिजेंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल रोहित राणा, हेड कांस्टेबल रोहित चौधरी, हेड कांस्टेबल बबलू राणा तथा कांस्टेबल कुलदीप कुमार शामिल रहे।
इस कार्रवाई से क्षेत्र के किसानों और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है।
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़