दुद्धी सोनभद्र।(विवेक सिंह)
बीजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत झीलों में शुक्रवार शाम विद्युत तारों से लगी चिंगारी ने दो बुजुर्ग दंपति की जिंदगी छीन ली। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य महिला गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल में उसका इलाज जारी है।
मृतक दंपति की पहचान झीलों गांव निवासी श्रीराम (65) और उनकी पत्नी फूलमती (63) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के मुताबिक, घर के बोर्ड और दरवाजे के ऊपर से गुजर रहे जर्जर तार अचानक धू-धू से जल उठे। दरवाजा खोलने गई फूलमती सबसे पहले करंट की चपेट में आ गईं। पत्नी को बचाने दौड़े श्रीराम भी विद्युत झटके का शिकार हो गए, जिससे दोनों की तत्काल मौत हो गई।
इस भयावह हादसे में पड़ोसी इंद्रा देवी (60) पत्नी कृष्ण माधव भी करंट की चपेट में आ गईं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक बताई है। घटना की भनक लगते ही दौड़े ग्रामीणों ने 11 हजार वोल्ट की मुख्य लाइन कनेक्शन काट दिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना पाकर पहुंची बीजपुर पुलिस ने दंपति के शवों को कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।