उरई(जालौन):
राज्य महिला आयोग सदस्य अनुपमा लोधी की अध्यक्षता में विकास भवन के रानी लक्ष्मीबाई सभागार में महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जनसुनवाई के दौरान महिलाओं ने घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद, उत्पीड़न, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, राशन कार्ड तथा अन्य सामाजिक एवं प्रशासनिक समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए। सदस्य श्रीमती अनुपमा लोधी जी ने प्रत्येक महिला की समस्या को गम्भीरतापूर्वक सुनकर संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि महिलाओं की शिकायतों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा किसी भी महिला के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं। कार्यक्रम के दौरान सदस्य महोदया ने उपस्थित अधिकारियों से महिला कल्याण से संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान के लिए कई जन कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ पात्र महिलाओं तक पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को उनके अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाए।जनसुनवाई में कई महिलाओं की समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराया गया, जबकि शेष शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया। इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी चंद्रप्रकाश आदि सहित सम्बंधित अधिकारी मौजूद रहे।
(अनिल कुमार ओझा ब्यूरो प्रमुख ITN news)