सहारनपुर- बिहारी गढ़ में
बिहारीगढ़ कस्बे के रोहित नगर में बीती रात चोरों ने एक बंद पड़े घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी कर लिये। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
जानकारी के अनुसार रोहित नगर निवासी शम्भूलाल पुत्र समेर सिंह पिछले तीन दिनों से अपने भांजे की शादी में परिवार सहित बाहर गये हुए थे। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान का फायदा उठाकर घर में धावा बोल दिया। सुबह जब आसपास के लोगों ने घर का सामान बाहर बिखरा देखा तो उन्हें चोरी की आशंका हुई। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल बिहारीगढ़ पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू की। प्रारम्भिक अनुमान के अनुसार घर से लाखों रुपये के सोने के आभूषण चोरी हुए हैं। हालांकि चोरी गये सामान की सही जानकारी गृहस्वामी के वापस लौटने के बाद ही सामने आ सकेगी।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस घर में चोरी हुई उसके सामने ही बंधन बैंक स्थित है, जहां रात के समय पुलिस की लैपर्ड गाड़ी गश्त करती रहती है। इसके बावजूद बैंक के सामने स्थित घर में चोरी हो जाना पुलिस व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कस्बे के बुग्गावाला चौक पर भी पूरी रात पुलिस गश्त रहती है, लेकिन इसके बावजूद चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। लोगों का कहना है कि कस्बे में रात के समय सुरक्षा व्यवस्था कमजोर बनी हुई है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है कुलदीप सिंह बिहारी गढ़
रमेश सैनी आशीष सैनी सहारनपुर इंडियन टीवी न्यूज़