राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
जिले के रीठी और मझगवा फाटक क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अचानक बदले मौसम ने लोगों को हैरान कर दिया। तेज आंधी-तूफान, मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि ने पूरे इलाके में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। कुछ ही देर में मौसम ने ऐसा रौद्र रूप धारण किया कि लोग सुरक्षित ठिकानों की तलाश में भागते नजर आए।
तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिर गए, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ और सड़क मार्गों पर परेशानी का माहौल बन गया। वहीं बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और बाजार क्षेत्र में अफरा-तफरी की स्थिति निर्मित हो गई। अचानक आई इस मौसमीय आपदा से दुकानदारों और राहगीरों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ओलावृष्टि से किसानों की चिंता और बढ़ गई है। खेतों में खड़ी फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि तेज हवाओं और ओलों ने फसलों को काफी प्रभावित किया है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
तूफान के चलते कई ग्रामीण इलाकों में बिजली व्यवस्था भी बाधित हो गई। स्थानीय नागरिकों के अनुसार कुछ देर तक चले इस तेज तूफान ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।