राजेश कुमार तिवारी इंडियन टीवी न्यूज़
कटनी
शहर में विकास के बड़े-बड़े दावे लगातार किए जा रहे हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही तस्वीर बयां कर रही है। शहर के आधे से अधिक वार्डों में आज भी नागरिक मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान हैं। कहीं सड़कें बदहाल हैं, तो कहीं नालियों की सफाई नहीं हो रही। कई क्षेत्रों में पेयजल संकट और जलभराव जैसी समस्याएं आम हो चुकी हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हर चुनाव में विकास के वादे किए जाते हैं, लेकिन हालात जस के तस बने हुए हैं। कई वार्डों में वर्षों पुरानी समस्याएं अब भी समाधान की राह देख रही हैं। बारिश से पहले नालों की सफाई और सड़क मरम्मत के दावे तो किए जाते हैं, लेकिन धरातल पर व्यवस्थाएं नाकाफी नजर आ रही हैं।
शहर के नागरिक सवाल उठा रहे हैं कि आखिर विकास कार्य हो कहां रहे हैं और उनका लाभ किसे मिल रहा है। लोगों का आरोप है कि कुछ चुनिंदा इलाकों तक ही विकास सीमित रह गया है, जबकि अधिकांश वार्ड उपेक्षा का शिकार हैं।
अब देखना होगा कि नगर निगम और जनप्रतिनिधि इन समस्याओं को गंभीरता से लेकर आम जनता को राहत दिलाने के लिए क्या ठोस कदम उठाते हैं।